कुंजापुरी मंदिर के पास बड़ा हादसा, गहरी खाई में गिरी बस, 5 की मौत

टिहरी : टिहरी जिले के नरेंद्रनगर क्षेत्र में सोमवार दोपहर कुंजापुरी मंदिर के समीप एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। गुजरात से कुंजापुरी दर्शन को आई 29 यात्रियों से भरी एक पर्यटक बस अनियंत्रित होकर करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।

मृतकों में चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं। घायलों में से तीन को तुरंत एम्स ऋषिकेश और चार को श्रीदेव सुमन उप जिला चिकित्सालय नरेंद्रनगर रेफर किया गया है। शेष 17 यात्री मामूली चोटों के साथ सुरक्षित हैं, जिनका प्राथमिक उपचार मौके पर ही किया गया।

ये भी पढ़ें:  महाराज की राजस्थान के मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार पर हुई चर्चा

हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसपी आयुष अग्रवाल, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर ढालवाला, कोटि कॉलोनी और एसडीआरएफ मुख्यालय से पांच रेस्क्यू टीमें रवाना की गईं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बहादुरी दिखाते हुए सबसे पहले बचाव कार्य शुरू किया और कई यात्रियों को खाई से बाहर निकाला।

ये भी पढ़ें:  एक साल बाद बदली धराली की तस्वीर, आपदा के मलबे से निकलकर फिर खड़ी हुई जिंदगी, मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में भागीरथी घाटी में पुनर्वास से पुनर्विकास तक तेज रफ्तार से हुआ काम

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया, “बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। तेज ढलान और तीखे मोड़ पर ड्राइवर का नियंत्रण खोने से यह हादसा हुआ लगता है। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी जारी है और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है।

मृतकों और घायलों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। सभी यात्री गुजरात के विभिन्न जिलों से कुंजापुरी मंदिर के दर्शन को आए थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों से संपर्क कर लिया है और उन्हें तुरंत उत्तराखंड पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

ये भी पढ़ें:  मुख्यमंत्री धामी की सुरक्षा प्राथमिकता: सीसीटीवी, ड्रोन और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच शिवभक्तों के लिए बनाया सुरक्षित कांवड़ मार्ग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *